Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

बिहार कैबिनेट विस्तार आज, BJP-JDU के कई चेहरे आज लेंगे शपथ

बिहार में सम्राट कैबिनेट विस्तार को लेकर सस्पेंस लगभग खत्म हो गया है. आज दोपहर 12 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है. ऐसे में बीजेपी कोटे से जिन नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने वाली है, उन्हें लोकभवन (राजभवन) की ओर से फोन जाना शुरू हो गया है. देर रात कई विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को कॉल किए गए, जिसके बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में ये चेहरे मंत्री पद की शपथ लेंगे. 

बीजेपी की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव को फोन गया है. इसके अलावा केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी और रमा निषाद को भी कॉल किए जाने की जानकारी सामने आई है. वहीं जिन बड़े नेताओं के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, उनमें विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान और संजय टाइगर का नाम भी शामिल है. देर रात बीजेपी संगठन की ओर से इन नेताओं से संपर्क किया गया.

इस बार सबसे ज्यादा चर्चा इस बार ई. कुमार शैलेन्द्र को लेकर है. उन्हें भी बीजेपी की तरफ से फोन आ चुका है. माना जा रहा है कि इस बार उनकी “लॉटरी” लग गई है और उन्हें पहली बार मंत्री पद मिल सकता है. वहीं पिछली कैबिनेट में मंत्री नहीं बनने वाले और कथित रूप से पार्टी से नाराज चल रहे बीजेपी विधायक नीतीश मिश्रा को भी इस बार मंत्रिमंडल में जगह मिलने जा रही है. 

बिहार की राजनीति में यह कैबिनेट विस्तार कई मायनों में अहम माना जा रहा है. बीजेपी इस बार जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ नए चेहरों को भी मौका देने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में कई पुराने नेताओं के साथ कुछ नए चेहरों को भी कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना है. आज पटना में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जहां एनडीए सरकार का नया मंत्रिमंडल आकार लेगा. इस मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम को भव्य बनाने की पूरी तैयारी की गई है. कार्यक्रम में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े दिग्गज शामिल होंगे.