Breaking News

अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो इंडिया ब्लॉक को 185 सीटें संभव: MOTN सर्वे     |   WB: TMC का पुलिस पर अभिषेक बनर्जी-डेरेक ओ'ब्रायन के साथ मारपीट का आरोप     |   47% लोगों ने कहा कि परिसीमन से जोड़े बिना महिला आरक्षण लागू हो: MOTN सर्वे     |   47% ने कहा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का केंद्र-राज्य सरकारों पर नकारात्मक असर: MOTN     |   MOTN सर्वे में 70 फीसदी लोगों ने 'एक देश, एक चुनाव' का समर्थन किया     |  

आशा भोसले का आखिरी रिकॉर्डेड फिल्मी गाना 8 सितंबर को होगा रिलीज, जन्मदिन पर दी जाएगी श्रद्धांजलि

दिग्गज प्लेबैक सिंगर आशा भोसले का आखिरी रिकॉर्डेड फिल्मी गाना उनकी जयंती के मौके पर सितंबर में रिलीज किया जाएगा। गाने का नाम “ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां” है, जो आने वाली फिल्म ‘ओम का हरी’ का हिस्सा है। यह गाना 8 सितंबर को रिलीज होगा। इस गाने की रिकॉर्डिंग साल 2023 के आखिर में हुई थी। उस समय आशा भोसले की उम्र 90 साल से ज्यादा थी। गाने को उनकी शानदार संगीत यात्रा और भारतीय सिनेमा में उनके लंबे योगदान को श्रद्धांजलि के तौर पर रिलीज किया जा रहा है।

‘ओम का हरी’ का निर्देशन हरीश व्यास ने किया है। यह एक ड्रामा-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें अंशुमान झा, रघुबीर यादव, सोनी राजदान और आयशा कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी पिता और बेटे के रिश्ते तथा दो पीढ़ियों के बीच के अंतर पर आधारित है। फिल्म में परिवार, प्यार और उन भावनाओं की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें लोग अक्सर अपने करीबियों से कह नहीं पाते। आशा भोसले का गाना भी इसी भावनात्मक कहानी का हिस्सा है और खुशी, प्यार तथा अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की बात करता है।

फिल्म के निर्देशक हरीश व्यास ने आशा भोसले के जन्मदिन पर गाना रिलीज करने के फैसले को लेकर कहा, “उनके जन्मदिन पर गाना लॉन्च करना आशा जी की सदाबहार आवाज, उनकी शानदार विरासत और उन पीढ़ियों के लिए जश्न मनाने का एक तरीका है, जिनकी जिंदगी को उनके संगीत ने छुआ है।”

अभिनेता अंशुमान झा ने भी गाने और फिल्म से अपने जुड़ाव के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि ‘ओम का हरी’ उनके लिए बेहद खास फिल्म है, क्योंकि इसकी कहानी पिता से ‘आई लव यू’ कहने की अहमियत पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आशा जी की आवाज में फिल्म की भावनाओं को व्यक्त करने वाला यह गाना उनके कलाकार जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक है।

‘ओम का हरी’ का निर्माण फर्स्ट रे फिल्म्स ने किया है। हरीश व्यास इससे पहले ‘अंग्रेजी में कहते हैं’ और ‘हम भी अकेले, तुम भी अकेले’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। आशा भोसले का 12 अप्रैल को 92 वर्ष की उम्र में मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया था। मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। उनके अंतिम संस्कार में विक्की कौशल और आमिर खान समेत कई फिल्मी सितारे शामिल हुए थे।