उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों के पद और तैनाती स्थल बदले गए हैं। पुलिस कमिश्नर, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और अन्य पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में 1997 से 2020 बैच तक के अधिकारी शामिल हैं।
कई जिलों के पुलिस कमिश्नर बदले
1997 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल को वाराणसी से स्थानांतरित कर प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ में ADG (स्थापना), उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात किया गया है।
ADG बरेली जोन रामित शर्मा को ADG लखनऊ जोन बनाया गया है। वहीं, लखनऊ जोन में तैनात प्रवीण कुमार को ADG बरेली जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद के मौजूदा पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड अब गौतमबुद्ध नगर की कमान संभालेंगे। लखनऊ रेंज के आईजीपी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
DIG और SSP स्तर पर भी बदलाव
अलीगढ़ रेंज के DIG प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया है। सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह को आगरा रेंज की जिम्मेदारी मिली है। आगरा में तैनात शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ रेंज भेजा गया है। DIG तकनीकी सेवाएं, उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात आशीष तिवारी अब सहारनपुर रेंज के DIG होंगे। अयोध्या के SSP गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का SSP बनाया गया है। मुरादाबाद के SSP सतपाल अब अयोध्या की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौतमबुद्ध नगर की DCP सुनीति को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के अधीन पुलिस मुख्यालय में SP नियुक्त किया गया है। बरेली स्थित 8वीं बटालियन PAC के कमांडेंट आकाश तोमर को डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का SP बनाया गया है। मुरादाबाद की 23वीं बटालियन PAC के कमांडेंट अमित कुमार को लखनऊ में आर्थिक अपराध शाखा, उत्तर प्रदेश का SP नियुक्त किया गया है।
PAC कमांडेंट को भी मिली नई जिम्मेदारी
आगरा की 15वीं बटालियन PAC के कमांडेंट नरेंद्र कुमार सिंह को सीतापुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC) का SP बनाया गया है। वाराणसी की 36वीं बटालियन PAC के कमांडेंट अनिल कुमार पांडेय को लखनऊ में कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश का SP नियुक्त किया गया है।
गोंडा की 30वीं बटालियन PAC के कमांडेंट त्रिभुवन सिंह को लखनऊ में GRP मुख्यालय का SP बनाया गया है। प्रयागराज की 42वीं बटालियन PAC के कमांडेंट राजेश कुमार श्रीवास्तव, जो कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के SP का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे, अब लखनऊ में खुफिया मुख्यालय, उत्तर प्रदेश के SP होंगे।
आजमगढ़ की 20वीं बटालियन PAC के कमांडेंट सुशील कुमार शुक्ला को गोरखपुर स्थित PTS का SP बनाया गया है। झांसी की 33वीं बटालियन PAC के कमांडेंट अजीत कुमार सिन्हा को लखनऊ में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड का SP नियुक्त किया गया है।
DCP स्तर पर भी नई तैनाती
कानपुर नगर के DCP दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज का DCP बनाया गया है। प्रयागराज के DCP कुलदीप सिंह गुनावत अब कानपुर नगर में तैनात होंगे। गौतमबुद्ध नगर की DCP प्रीति यादव को आगरा की 15वीं बटालियन PAC का कमांडेंट नियुक्त किया गया है।
तीन पुराने तबादला आदेशों में संशोधन
सरकार ने तीन पूर्व तबादला आदेशों में भी बदलाव किया है। DGP मुख्यालय में तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे अपर SP पुनित द्विवेदी का अपर DCP लखनऊ के पद पर किया गया तबादला रद्द कर दिया गया है। उन्हें अब अपर DCP गाजियाबाद नियुक्त किया गया है।
अपर DCP वाराणसी से अपर DCP गौतमबुद्ध नगर भेजी गईं नीतू का तबादला भी निरस्त कर दिया गया है। उन्हें अब अपर DCP लखनऊ बनाया गया है। इसके अलावा अपर DCP लखनऊ से अपर DCP गाजियाबाद भेजे गए अमित कुमावत का तबादला आदेश भी रद्द कर दिया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में नियमित भर्ती और राज्य पुलिस सेवा (SPS) कैडर के अधिकारी शामिल हैं।